रायपुर ट्रैफिक पुलिस के 22 जवान सम्मानित: एक महीने में 9 चोरी के वाहन बरामद, कमिश्नर ने किया पुरस्कृत

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पिछले एक महीने के दौरान वाहन जांच, पेट्रोलिंग और तकनीकी जांच के जरिए 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यातायात पुलिस केवल ट्रैफिक संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सभी कर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध, लावारिस और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर रही है। वाहन चेकिंग के दौरान मोबाइल तकनीक, चेसिस नंबर और अन्य डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर कई मामलों का खुलासा किया गया, जिससे चोरी के वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में सफलता मिली।

वीआईपी चौक पर पकड़ी गई चोरी की बाइक

26 जुलाई को वीआईपी चौक पर ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिस ने तीन लोगों को लेकर जा रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। आगे की नंबर प्लेट के अंक मुड़े हुए थे जबकि पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जांच में सामने आया कि वाहन पर लगी नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन की थी। चेसिस नंबर के आधार पर जांच करने पर पता चला कि बाइक फरवरी 2025 में गरियाबंद जिले से चोरी हुई थी। इसके बाद आरोपी और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए थाना तेलीबांधा भेजा गया।

लावारिस बाइक भी निकली चोरी की

31 जुलाई को पचपेड़ी नाका क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान कमल विहार सब्जी मंडी के पास बिना नंबर प्लेट की एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली। चेसिस नंबर की जांच करने पर पता चला कि वाहन कुछ दिन पहले टिकरापारा क्षेत्र से चोरी हुआ था और संबंधित थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज थी। पुष्टि के बाद बाइक को संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हथियार लेकर घूम रहे संदिग्ध भी पकड़े

वाहन जांच के साथ-साथ यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों पर संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर बनाए रखी। पिछले 15 दिनों में तीन अलग-अलग मामलों में चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर घूम रहे तीन लोगों को पकड़कर संबंधित थानों के हवाले किया गया। इन मामलों में सराहनीय कार्य करने वाले पांच पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने कहा कि तकनीकी संसाधनों, सतर्क पुलिसिंग और टीम वर्क के कारण यातायात पुलिस की कार्यक्षमता लगातार बेहतर हुई है। भविष्य में भी आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

Scroll to Top