रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में एक बार फिर डूबने की घटना सामने आई है। पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी ऐसी घटना है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे उरला निवासी 30 वर्षीय सुधांशु तिवारी अपने तीन दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान सभी डैम में नहाने के लिए उतरे, लेकिन अचानक तीन युवक गहरे पानी की ओर चले गए। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सुधांशु तिवारी पानी में लापता हो गए।

घटना की सूचना शाम करीब 7 बजे उरला थाना पुलिस को मिली। अंधेरा होने की वजह से उसी रात SDRF की टीम रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं कर सकी। सोमवार सुबह 6 बजे से SDRF की टीम लगातार डैम में सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता युवक की तलाश कर रही है।
बेंद्री डैम में पिछले सात दिनों के भीतर यह दूसरी डूबने की घटना है। इससे पहले भी एक व्यक्ति की जान डूबने से जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में भी एक ही महीने के दौरान यहां पांच लोगों की डूबने से मौत हुई थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम में पानी काफी गहरा है और कई स्थानों पर तेज बहाव भी रहता है, जिसके कारण यहां बार-बार हादसे होते हैं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और डैम क्षेत्र में आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने की मांग की है।



