रायपुर के पेट्रोल पंप पर युवक पर हमला, पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित सड्डू के चावला पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया गया। पांच युवकों ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे युवक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक गुलाम पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पहुंचा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सड्डू के रहने वाले दो युवकों से हुई। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा। इसके बाद विधानसभा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घटना के लगभग तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हमला पुरानी रंजिश का परिणाम सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Scroll to Top