रायपुर ग्रामीण। सिलतरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 96 पाव देशी प्लेन शराब, एक दोपहिया वाहन और नगदी जब्त की है। मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल तथा थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को 2 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CR 1487 से अवैध देशी शराब लेकर सिलतरा क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र मौर्य (32 वर्ष), वर्तमान निवासी पारधी पारा, ग्राम कूरा, थाना धरसींवा तथा राकेश पारधी (25 वर्ष), निवासी पारधी पारा, ग्राम कूरा, थाना धरसींवा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सफेद प्लास्टिक की बोरी से 96 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 17.280 लीटर) बरामद की गई। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। आरोपियों से शराब परिवहन या बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उनके खिलाफ धारा 34(2), छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जब्त शराब का नमूना सुरक्षित रख लिया है और मामले की आगे की वैधानिक जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर, प्रधान आरक्षक विजेन्द्र कुमार, प्रधान आरक्षक जितेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रेमप्रकाश चनाप सहित थाना सिलतरा का पुलिस स्टाफ शामिल रहा।

