रायपुर में देर रात बर्थडे पार्टी में हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के गांधी नगर स्थित कालीबाड़ी इलाके में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर हंगामा करना कुछ लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सार्वजनिक शांति भंग करने और ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ अभद्रता करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 4 युवक और 3 युवतियां शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे थाना कोतवाली को सूचना मिली कि गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में एक मकान की छत पर जन्मदिन की पार्टी चल रही है, जहां तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर आसपास के लोगों को परेशान किया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पार्टी में मौजूद लोगों को समझाइश देकर साउंड सिस्टम बंद कराया।

कुछ समय बाद उसी स्थान से फिर तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत मिली। पुलिस दोबारा पहुंची और साउंड सिस्टम बंद कराने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद युवक-युवतियों ने पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करना, तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाना, नशे की हालत में उत्पात मचाना या पुलिस एवं अन्य शासकीय कर्मचारियों के कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में रायपुर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Scroll to Top