रायपुर में ट्रैफिक जाम से लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बनाई गई क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) प्रभावी भूमिका निभा रही है। पुलिस कमिश्नर Dr. Sanjeev Shukla के निर्देश पर शहर में 10 QRT टीमों को तैनात किया गया है, जिनका उद्देश्य ट्रैफिक जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य करना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर अब तक 88 बार ट्रैफिक जाम की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। प्रत्येक सूचना पर QRT टीम ने औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर जाम की स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु बनाया।
इस पूरी व्यवस्था में ITMS कंट्रोल रूम की अहम भूमिका है। कंट्रोल रूम में गूगल मैप और शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रैफिक की लगातार निगरानी की जाती है। वहीं, नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों के आधार पर संबंधित QRT टीम को तुरंत लोकेशन भेजी जाती है, जिससे बिना देरी के कार्रवाई संभव हो पाती है।
यातायात पुलिस ने यह भी बताया कि जिन स्थानों से लगातार जाम की शिकायतें मिल रही हैं, वहां स्थायी समाधान के लिए यातायात व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं को कम किया जा सके।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल Dr. Archana Jha ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम दिखाई देने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 पर सूचना दें। इसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिससे लोग आसानी से शिकायत दर्ज करा सकें।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और जाम-मुक्त यातायात उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था लगातार सक्रिय रहेगी।