भिलाई में पिकअप हटाने की बात पर खूनी हमला, युवक वेंटिलेटर पर; 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई-3 के डबरापारा में रास्ते से पिकअप हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक, डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस हमले में कई लोग घायल हुए, जिनमें नीलेश साहू की हालत बेहद गंभीर है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है, जबकि तेजराम उर्फ तेजा साहू का आईसीयू में इलाज चल रहा है।

घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सोहन वर्मा (31), मोहन वर्मा (43), रामगोपाल वर्मा (72) और राजा राजपूत (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की जैक रॉड और हॉकी स्टिक भी बरामद की गई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे पूजा साहू अपने परिवार के साथ कार से घर लौट रही थीं। डबरापारा पुल के नीचे एक पिकअप वाहन सड़क पर खड़ा था, जिससे रास्ता बाधित हो गया। परिवार ने पिकअप चालक से वाहन हटाने को कहा, लेकिन इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कुछ ही देर में सोहन वर्मा के साथ उसके परिजन और अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने नीलेश साहू और तेजराम साहू पर लोहे की रॉड से सिर और पैरों पर हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

बीच-बचाव करने पहुंचीं महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और उन्हें भी डंडों तथा हाथ-मुक्कों से पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

घायलों को पहले शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में नीलेश साहू को वेंटिलेटर पर रखा गया। तेजराम साहू का आईसीयू में उपचार जारी है, जबकि अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top