सावन माह और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर के प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों पर खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। महापौर मीनल चौबे ने सभी जोन कमिश्नरों को आदेश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
ऑनलाइन समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाखेनगर चौक से महादेव घाट होते हुए रायपुरा मार्ग तक विशेष निगरानी रखी जाए। इस पूरे मार्ग पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि कहीं खुले में मांस की बिक्री होती पाई गई तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मानसून के दौरान शहर के मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि किसी भी मुक्तिधाम में जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित जोन कमिश्नर स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा 11 अगस्त, सावन शिवरात्रि तक चलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त महादेव घाट सहित शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नगर निगम ने लाखेनगर चौक, महादेव घाट और रायपुरा मार्ग पर विशेष निगरानी और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।