छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री के लिए जानलेवा साबित हुई। संतुलन बिगड़ने से यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मृतक की पहचान 58 वर्षीय संदीप कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी की रायपुर शाखा में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वे रोजाना की तरह ट्रेन से रायपुर आने-जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और उनके पास रेलवे का मासिक पास भी था।
लोकल छोड़ सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह करीब 5:45 बजे दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना होने लगी। संदीप कुमार सिन्हा ने समय बचाने के लिए लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट ट्रेन पकड़ने का प्रयास किया।
वे दौड़ते हुए चलती ट्रेन में चढ़ने लगे, लेकिन उनके हाथ में मौजूद लैपटॉप बैग फिसल गया। बैग के खिसकने से उनका संतुलन बिगड़ गया और ट्रेन के दरवाजे की रॉड पर उनकी पकड़ छूट गई। इसके बाद वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच ट्रैक पर गिर पड़े।

अधिक खून बहने से गई जान
हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत नाजुक हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने उन्हें तत्काल ट्रैक से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान उनके पास मिले दस्तावेजों से की गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
दो दिन बाद सामने आया CCTV वीडियो
घटना के दो दिन बाद हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
रेलवे लगातार यात्रियों से अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें। कुछ सेकंड बचाने की जल्दबाजी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। प्रारंभिक जांच में भी रेल पुलिस ने संतुलन बिगड़ने को हादसे की मुख्य वजह माना है।



