छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट 28 जुलाई को रायपुर पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि वे NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर प्रवास के दौरान सचिन पायलट की प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों की भी संभावना है। पार्टी संगठन में संभावित बदलाव और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उनके इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जून में भी आए थे रायपुर
इससे पहले 25 जून को सचिन पायलट रायपुर आए थे, जहां उन्होंने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया था। उस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा था कि भाजपा को कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी सरकार और संगठन की आंतरिक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक पुरानी और मजबूत संगठनात्मक परंपरा वाली पार्टी है, जो नए जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।
सचिन पायलट ने यह भी कहा था कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के अभियान पर काम कर रही है। देशभर में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति भी तैयार की जा रही है।

