छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। इसी बीच दुर्ग जिले की शिवनाथ नदी में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पुलगांव थाना क्षेत्र के गनियारी गांव के पास तेज बहाव में दो बच्चे बह गए। सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने एक बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, उरला क्षेत्र के आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे नदी में नहाने लगे और तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में 14 वर्षीय रेहान खान की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय आरव का अब तक पता नहीं चल पाया है। खोज अभियान लगातार जारी है।

इससे पहले बिलासपुर जिले की शिवनाथ नदी में गुरुवार को बह गए एक मछुआरे का भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
प्रदेश में अगले 48 घंटे बारिश का असर
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है।
अब तक की बारिश का आंकड़ा
1 जून से अब तक राज्य में हुई कुल वर्षा सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। हालांकि औसत की तुलना में लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन मौसम विभाग के मानकों के अनुसार इसे अभी भी सामान्य स्थिति माना जाता है।

सबसे अधिक बारिश वाले क्षेत्र
पिछले 24 घंटों में धरमजयगढ़ में सबसे अधिक 30 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लैलूंगा, कोरबा, कापू और खरसिया में 20-20 मिमी बारिश हुई। वहीं बीजापुर, नया बाराद्वार, करतला, साल्हेवारा, लाल बहादुर नगर, कांसाबेल, पथलगांव और मानपुर में 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका फिलहाल राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। साथ ही पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के आसपास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
–18% डिपार्चर का मतलब
मौसम विभाग के अनुसार यदि वर्षा सामान्य औसत से 19 प्रतिशत कम या 19 प्रतिशत अधिक रहती है तो उसे सामान्य श्रेणी में रखा जाता है। इसलिए राज्य में फिलहाल 18 प्रतिशत कम बारिश होने के बावजूद मानसून की स्थिति सामान्य मानी जा रही है।



