रायपुर पुलिस ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी फर्जी संदेश भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करते थे और फिर बैंक खातों से अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर कई संदेश आए। संदेश खोलने के कुछ ही समय बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3.94 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और ₹2,000 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कर रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके और देश के अन्य राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी के मामलों का भी खुलासा हो सके। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।