छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। पद्मश्री श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड पर तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार 17 वर्षीय रुद्र प्रताप शर्मा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक स्कूल बस से भी जा भिड़ी।
घटना में गंभीर रूप से घायल रुद्र प्रताप शर्मा, निवासी मंगला अभिषेक विहार, को पहले सिम्स अस्पताल और फिर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, सिर में गंभीर चोट लगने के कारण छात्र की जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में एक्टिवा और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार (CG 10 BH 7752) को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार एक नाबालिग छात्र चला रहा था और उसमें तीन अन्य नाबालिग छात्र भी सवार थे।
पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। कार चालक और वाहन मालिक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी छात्र मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।