छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक रियल एस्टेट कारोबारी के खिलाफ महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने होटल में नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पिलाया, उसके साथ दुष्कर्म किया और कथित तौर पर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर कई महीनों तक ब्लैकमेल करता रहा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। 37 वर्षीय महिला का आरोप है कि उसकी पहचान मुंगेली नाका क्षेत्र में भवन मालिक और रियल एस्टेट कारोबारी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू नारंग से हुई थी। आरोपी ने कथित तौर पर उसे एक पुराने कानूनी मामले में मदद का भरोसा दिलाया और इसी बहाने सितंबर 2024 में एक होटल में बुलाया।
महिला का आरोप है कि होटल में उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पिलाया गया। इसके बाद आरोपी ने उसकी असहाय अवस्था का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया और कथित रूप से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई महीनों तक महिला का कथित रूप से यौन शोषण किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने, दुकान खाली कराने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की धमकियां दी गईं।
महिला के अनुसार, डर और बदनामी की आशंका के कारण वह सीधे पुलिस के पास नहीं जा सकी। बाद में उसने डाक के माध्यम से उच्च अधिकारियों और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को शिकायत भेजी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों, कथित वीडियो और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी के मुंबई में होने की जानकारी सामने आई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।