छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 26 जून को हुई पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके प्रेमी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर साजिश रचकर कराई थी। इस वारदात के लिए 4 लाख रुपये में सुपारी देकर शूटरों को हायर किया गया था।
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा और आरोपी मुरलीशंकर के बीच प्रेम संबंध थे। समय के साथ दोनों के रिश्तों में विवाद बढ़ने लगा। इसके बाद मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान ने मिलकर पूर्णिमा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने हत्या के लिए अलग-अलग राज्यों के अपराधियों से संपर्क किया और 4 लाख रुपये में सौदा तय किया। 26 जून को दो बदमाश पूर्णिमा के घर पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर फरार हो गए।
घटना के बाद सक्ती पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस मामले में झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

