रायगढ़ में 25 हाथियों के दल ने सड़क पार की, वन विभाग ने रोका ट्रैफिक; गांवों में जारी किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम करीब 6 बजे 25 हाथियों का एक दल घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार इलाके में सड़क पार करता दिखाई दिया। हाथियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए वन विभाग ने कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी।

वन विभाग को पहले ही सूचना मिल गई थी कि हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और हाथियों का वीडियो बनाने लगे। वन विभाग ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की।

वन विभाग के अनुसार, हाथियों का दल सड़क पार करने के बाद पानीखेत और पाकादरहा के जंगल की ओर चला गया। दल में नर, मादा और छोटे हाथी भी शामिल हैं। उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग ने प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ग्रामीणों से अकेले जंगल नहीं जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।

इससे पहले सोमवार रात लैलूंगा वन परिक्षेत्र के कुंजारा स्थित शासकीय उद्यान रोपणी में 12 हाथियों का एक अन्य दल घुस गया था। हाथियों ने फेंसिंग को कई जगह से तोड़ दिया और उद्यान में रखे पौधों व गमलों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा नारियल के पौधे और कटहल के पेड़ों को भी क्षति पहुंची।

Scroll to Top