कोरबा में प्रेम विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच बढ़ा विवाद एक गंभीर आपराधिक घटना में बदल गया। आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही समय बाद पति पर पत्नी के साथ मारपीट करने और उस पर पिस्टल तानकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी पति और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने नवंबर 2023 में बिलासपुर के मंगला अमन विहार निवासी सतीश कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे, जिसके चलते महिला अपने मायके लौट आई और दोनों अलग रहने लगे।
शुक्रवार को सतीश कुमार अपने मामा जितेंद्र चंद्राकर के साथ पत्नी के घर पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान आपसी सहमति से तलाक लेने का निर्णय हुआ। इसके बाद दोनों परिवार अधिवक्ता के पास पहुंचे, जहां तलाक से संबंधित दस्तावेज तैयार किए गए।
दस्तावेज तैयार होने के बाद महिला अपने परिजनों के साथ घर लौट आई। आरोप है कि कुछ देर बाद सतीश कुमार अपने मामा के साथ दोबारा वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने पत्नी को घर के बाहर बुलाया। बाहर आते ही उसने कथित तौर पर महिला के साथ मारपीट की और पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी पर तान दी।
घटना के दौरान परिजनों ने तुरंत हस्तक्षेप कर महिला को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता के परिजनों ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश कुमार और उसके मामा जितेंद्र चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

