अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, टैक्सीवे पर आमने-सामने आए एयर इंडिया और इंडिगो के विमान

गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम एक संभावित बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमान टैक्सीवे पर कुछ समय के लिए आमने-सामने आ गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट AI2493 लैंडिंग के बाद टैक्सीिंग कर रही थी। इसी दौरान विमान निर्धारित मार्ग से भटककर गलत दिशा में मुड़ गया और टेकऑफ की तैयारी कर रही इंडिगो की फ्लाइट के सामने पहुंच गया।

घटना शाम करीब 7:59 बजे की बताई जा रही है। जैसे ही स्थिति की जानकारी ATC को मिली, तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए गए और दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर नियंत्रित कर लिया गया।

एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि टैक्सीिंग के दौरान विमान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गया था। हालांकि इस दौरान यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। बाद में विमान को सुरक्षित रूप से टो कर पार्किंग बे तक पहुंचाया गया।

एयरलाइन ने बताया कि घटना की जानकारी संबंधित नियामक एजेंसियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संचालन के दौरान यह चूक कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

घटना के बाद एयरपोर्ट संचालन और विमान सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पूरी स्थिति नियंत्रण में थी और समय रहते हस्तक्षेप कर किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया गया।

Scroll to Top