दुर्ग जिले के भिलाई शहर में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है, जहां देर रात कुछ लोगों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल युवक की पहचान अन्नू यादव (35) निवासी वृंदानगर, भिलाई के रूप में हुई है। अन्नू अपने घर के सामने नाश्ते की दुकान संचालित करता है। बताया जा रहा है कि देर रात उस पर अचानक हमला किया गया। हमलावरों ने उसके पेट और सीने पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल युवक को सुपेला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है। हालांकि विवाद किस बात को लेकर था, इसकी जांच अभी जारी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ गई है और क्षेत्र में नशे से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित होती हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।