रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 का खिताब बिलासपुर बुल्स ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने रायगढ़ लायंस को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
मुकाबले में बिलासपुर बुल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रायगढ़ लायंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से नयन चव्हाण ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि संगीत सोनी ने 32, आलोक साहू ने 25 और दीपक यादव ने 22 रन का योगदान दिया।
बिलासपुर बुल्स के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारत गोंडवानी ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि वरुण सिंह भुई और मोहित राउत ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर बुल्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने केवल 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर 164 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। विकल्प तिवारी और पवन परनाते ने 29-29 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
रायगढ़ लायंस की ओर से प्रवीण कुमार यादव और शुभम अग्रवाल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं रहीं।
फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले भारत गोंडवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। बिलासपुर बुल्स ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और बिना कोई मैच गंवाए CCPL सीजन-3 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

