Mirzapur में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले वरिष्ठ वकील राजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सुबह करीब 7:15 बजे कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, दो हमलावर बाइक से आए और रास्ते में वकील को रोककर सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वकील मौके पर गिर पड़े और हमलावर वहां से भागने लगे। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

वारदात के बाद जब हमलावर भाग रहे थे, तो उनकी बाइक कुछ देर के लिए बंद हो गई। इस दौरान स्थानीय लोग उन्हें पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन उन्होंने तमंचा दिखाकर धमका दिया और फिर बाइक स्टार्ट कर फरार हो गए।
मृतक वकील राजीव सिंह की पत्नी ग्राम प्रधान हैं और स्वयं भी पहले दो बार ग्राम प्रधान रह चुके थे। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी और मुख्य आरोपी के बीच चुनावी रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी की पहचान राजेंद्र सोनकर के रूप में हुई है, जो उसी गांव का रहने वाला है और पहले भी चुनाव लड़ चुका है।
एसपी के अनुसार यह मामला पुरानी रंजिश और राजनीतिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आरोपी ने पहले भी वकील पर हमला किया था और दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पूरी वारदात की पहले से योजना बनाई थी और वकील की दिनचर्या की जानकारी होने के कारण उसने रेकी कर यह हमला किया। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और वकीलों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।

