छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रेम संबंध के विवाद ने एक युवती की जान ले ली। पुलिस के अनुसार, दूसरे अफेयर के शक में एक युवक ने अपनी 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की नेहरू पार्क में चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने एक पर्ची छोड़कर हत्या की जिम्मेदारी ली और आत्महत्या करने रेलवे ट्रैक पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रितेश राजवाड़े ने रविवार शाम अपनी परिचित राधिका राजवाड़े को फोन कर नेहरू पार्क मिलने बुलाया। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से राधिका के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राधिका मदद के लिए कुछ दूर तक भागी, लेकिन खून अधिक बहने के कारण सड़क पर गिर पड़ी।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। गले में गंभीर चोट होने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल में राधिका ने इशारे से कागज और पेन मंगाया और उस पर कथित तौर पर हमलावर का नाम लिख दिया। इलाज के दौरान रात करीब 10:30 बजे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान रितेश राजवाड़े के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने की कोशिश में था, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और दूसरे अफेयर के शक को लेकर विवाद की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।