रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक बार फिर विवादित नाम सामने आया है। शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व मेयर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर पर स्कूल संचालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा, जो तेलीबांधा स्थित विधायक कॉलोनी के निवासी हैं और विशेष बच्चों के लिए स्कूल संचालित करते हैं, ने पुलिस को बताया कि वे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वे अपनी कार (CG-04-PY-5003) के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक इंडिवर कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
आरोप है कि इंडिवर कार चला रहे शोएब ढेबर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्क्रैच मारा। जब आरबी मिश्रा ने विरोध किया, तो शोएब ने सड़क पर ही गाड़ी रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़ित तेलीबांधा थाने पहुंचा, जहां उसकी शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की।
पहले भी विवादों में रह चुका है शोएब ढेबर

यह पहली बार नहीं है जब शोएब ढेबर का नाम विवादों में आया हो।
- 7 अगस्त 2025 को शोएब बिना अनुमति जेल के मुलाकात कक्ष में घुस गया था और वहां अभद्र व्यवहार किया था। इस पर जेल प्रशासन ने उस पर प्रतिबंध लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया था।
- 19 सितंबर 2024 को जूक क्लब में पार्किंग विवाद के दौरान व्यापारी से मारपीट के आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
- 5 साल पहले रायपुर के IP क्लब फायरिंग मामले में भी शोएब का नाम सामने आ चुका है, जिसमें पुलिस ने उसके खिलाफ FIR दर्ज की थी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

