धमतरी में बाइक सवार युवक की मौत
धमतरी में शनिवार देर रात अर्जुनी थाना क्षेत्र के दोनर बोरसी मार्ग पर एक बाइक सवार युवक की अज्ञात वाहन से टक्कर होने के बाद मौत हो गई। मृतक देवेंद्र साहू कोकड़ी गाँव का निवासी था, जबकि घायल कौशल सिवनी खुर्द गाँव का रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद घायल को रक्तदान एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जाँच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

दंतेवाड़ा में वाहन दुर्घटना, 44 ग्रामीण घायल
दंतेवाड़ा जिले के पालनार में एक वाहन दुर्घटना में 44 ग्रामीण घायल हो गए। ये सभी कुआकोंडा थाना क्षेत्र के पोटाली और समेली गाँव के निवासी थे, जो बस्तर पंडुम कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वाहन के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन एवं प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और विधायक चैतराम अटामी ने प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। घायलों को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती कराया गया, जहाँ 32 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
कार्यक्रम के बाद सांसद महेश कश्यप और विधायक चैतराम अटामी ने जिला अस्पताल पहुँचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
