रायपुर, शनिवार 22 मार्च 2025 – रावाभाठा स्थित बंजारी बाजार में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक सब्ज़ी विक्रेता ने कथित तौर पर एक खरीदार को जोरदार थप्पड़ मार दिया, जिससे वह व्यक्ति मौके पर ही बेहोश हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद बाजार में यह अफवाह फैल गई कि वह व्यक्ति मर गया है, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
NEWS22 BHARAT की टीम जब मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया, तो कई प्रत्यक्षदर्शियों से बात की। उन्होंने बताया कि बेहोश हुआ व्यक्ति आए दिन बाजार में गाली-गलौज और मारपीट करता है तथा सब्ज़ी चोरी कर ले जाता था। इस बार भी वह वही करने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सब्ज़ी विक्रेता ने उसे ऐसा करने से रोका, तो उस व्यक्ति ने बदसलूकी शुरू कर दी और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान सब्ज़ी विक्रेता ने उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति नशे में था और थप्पड़ सह नहीं पाया, जिससे वह वहीं बेहोश हो गया।
घटना के बाद लोगों ने यह अफवाह उड़ा दी कि उसकी मृत्यु हो गई है, जिससे बाजार में भगदड़ की स्थिति बन गई। हालांकि, खमतराई पुलिस मौके पर समय पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने घायल व्यक्ति को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि वह केवल बेहोश हुआ था और उसकी स्थिति स्थिर है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
खमतराई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घायल व्यक्ति का आपराधिक इतिहास है या नहीं।
इस घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से बाजार में निगरानी बढ़ाने और ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
