म्यूनिसिपल स्कूल मैदान बना कचरा घर, घास खत्म; खिलाड़ियों को हो रही परेशानी

राजनांदगांव शहर के म्यूनिसिपल स्कूल मैदान की हालत लगातार खराब होती जा रही है। मैदान में जगह-जगह कचरा फैल गया है, जिससे न सिर्फ शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि यहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मैदान से लगे गांधी सभा गृह के पास लोग कचरा फेंक रहे हैं। इस कचरे में प्लास्टिक, पन्नी और कपड़े शामिल हैं, जिन्हें आवारा कुत्ते खींचकर मैदान तक ले आते हैं। परिणामस्वरूप पूरे मैदान में गंदगी फैल गई है।

गांधी सभा गृह की ओर से मैदान में प्रवेश करने वाले रास्ते पर बड़ी मात्रा में पुराने कपड़े और कचरा बिखरा पड़ा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण स्थिति और बदतर होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मैदान में घास भी लगभग खत्म हो चुकी है और नियमित सफाई नहीं होने से यहां खेलना मुश्किल हो गया है। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाकर मैदान को उपयोग योग्य बनाने की मांग की है।

स्थानीय निवासी आशिष यादव ने बताया कि यदि समय रहते सफाई नहीं की गई तो मैदान पूरी तरह बेकार हो सकता है और बच्चों व खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित स्थान नहीं बचेगा।

Scroll to Top