राजनांदगांव जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को चिचोला (रंगीटोला) और घुमका में नई देशी कम्पोजिट मदिरा दुकानों की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य अवैध शराब बिक्री को रोकना और लोगों को सुरक्षित व मानक के अनुरूप मदिरा उपलब्ध कराना है।
इन दोनों इलाकों में पहले कोई सरकारी शराब दुकान नहीं थी, जिसके चलते अवैध शराब बेचने वाले सक्रिय हो गए थे। ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नकली और मिलावटी शराब के कारण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है और सरकार को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है।
आम तौर पर शराब दुकानों का विरोध देखने को मिलता है, लेकिन यहां हालात अलग थे। ग्रामीणों ने खुद आगे आकर सामाजिक समस्याओं और अवैध गतिविधियों से छुटकारा पाने के लिए सरकारी दुकान खोलने की मांग की थी।

नई दुकानों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रमुखों की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि अब सरकारी नियंत्रण में गुणवत्ता और कीमत तय होने से पारदर्शिता बनी रहेगी।
जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी के अनुसार, इन दुकानों को शुरू करने के पीछे तीन मुख्य मकसद हैं—अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाना, लोगों को लैब-टेस्टेड और सुरक्षित मदिरा उपलब्ध कराना, और अवैध कारोबार से होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना।
घुमका के निवासी पंकज माले ने बताया कि पहले बाहर से आने वाली मिलावटी शराब के कारण युवाओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा था। अब सरकारी दुकान खुलने से न केवल पारदर्शी बिक्री होगी, बल्कि गांव में अवैध गतिविधियों पर भी लगाम लगेगी।

