राजनांदगांव में बर्थडे पार्टी बनी खूनी झगड़ा: चाकू से हमला, तीन गिरफ्तार

राजनांदगांव में एक बर्थडे पार्टी के दौरान बड़ा झगड़ा हो गया। यह घटना गांधी चौक इलाके की है, जहां दोस्तों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, 24-25 अप्रैल की रात कुछ युवक अपने दोस्त का जन्मदिन मना रहे थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच केक काटने के बाद पुरानी रंजिश को लेकर बहस शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद कुछ लोगों ने बेल्ट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जवाब में दूसरे पक्ष ने चाकू निकालकर वार किया, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झगड़े में शामिल कुछ युवक पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मामले में जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top