रायपुर की सड़कों पर हथियारों के साथ युवकों की रील, कट्टा–चाकू लहराते VIDEO वायरल; पुलिस ने शुरू की तलाश

राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वायरल फुटेज में कुछ युवक कार चलाते हुए खुलेआम कट्टा और चाकू लहराते नजर आ रहे हैं। ये युवक शहर की सड़कों, गलियों और सुनसान इलाकों में फिल्मी और बदमाश-लाडले जैसे गानों पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि इन युवकों ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने पेज और आईडी बना रखी हैं, जहां लगातार ऐसे वीडियो साझा कर खुद को ‘डॉन’ और ‘भाई’ के रूप में पेश करने की कोशिश की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है

हाथ और कमर में हथियार, दबंगई का प्रदर्शन

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हाथ में कट्टा और कमर में चाकू रखकर गानों पर रील बना रहे हैं। कुछ वीडियो में आपत्तिजनक भाषा और गालियों का भी इस्तेमाल किया गया है। बताया जा रहा है कि शहर में अपना वर्चस्व दिखाने और सोशल मीडिया पर दबंग छवि बनाने के लिए ये युवक ग्रुप बनाकर वीडियो शूट कर वायरल कर रहे हैं

18 से 25 साल के बताए जा रहे युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहे युवकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है। सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में ये युवक कानून को ताक पर रखकर इस तरह की खतरनाक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये वीडियो खमतराई, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और डीडी नगर जैसे इलाकों में शूट किए गए हैं।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

रायपुर पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाने वालों की पहचान की जा रही है। सभी वायरल वीडियो की जांच कर संबंधित युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Scroll to Top