छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात आगजनी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यूथ कांग्रेस से जुड़े नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ संदिग्ध युवक देर रात घर के आसपास घूमते देखे गए थे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने कारों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई, जिससे देखते ही देखते दोनों वाहनों में भीषण लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों कारें बुरी तरह जल चुकी थीं।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की तेज लपटें और मौके पर जुटी भीड़ दिखाई दे रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
विनोद कश्यप ने इस घटना को सोची-समझी साजिश करार दिया है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्व लंबे समय से सक्रिय हैं, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

