पेट्रोल पंप पर सनसनी: सिगरेट से रोका तो युवक ने नोजल पाइप में लगा दी आग, बड़ा हादसा टला

रायपुर | उरला थाना क्षेत्र

Raipur के उरला इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिगरेट जलाने से मना करने पर नाराज युवक ने पेट्रोल नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। आग की लपटें नोजल से होते हुए बाइक की टंकी तक पहुंच गईं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

क्या है पूरा मामला?

उरला पुलिस के अनुसार, बुधवार (18 फरवरी) रात करीब 8 बजे धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान नाम के दो युवक बाइक से उरला स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इमरान बाइक पर बैठा था और धर्मेंद्र पास में खड़ा था।

जैसे ही बाइक की टंकी खोली गई, धर्मेंद्र ने सिगरेट जलाने की कोशिश की। इस पर उसके साथी ने उसे रोकने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इसी बात पर नाराज होकर धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी।

पंप मशीन और बाइक में लगी आग

आग लगते ही नोजल पाइप और बाइक की टंकी में लपटें उठने लगीं। स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। पंपकर्मी ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए पाइप खींचा और मेन स्विच से सप्लाई बंद कर दी। फायर फाइटिंग किट की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के दौरान जलता हुआ पेट्रोल आरोपी के ऊपर भी गिरा। आग की लपटें बढ़ती देख आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन पंप कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की कार्रवाई

उरला थाना प्रभारी रोहित माहेलकर ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के तहत मामला दर्ज किया गया है।

थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Scroll to Top