रायपुर। राजधानी में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। विधानसभा थाना क्षेत्र में धान से लदा ट्रक अचानक एक कार पर पलट गया। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। दंपती अस्पताल से सर्जरी के बाद घर लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान राजकुमार शर्मा (66) और उनकी पत्नी पद्मा शर्मा निवासी बलौदाबाजार के रूप में हुई है। कैब चालक का नाम प्रवीण बताया गया है। परिवार के बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाइन कैब बुक की थी, जिससे दंपती रायपुर से तिल्दा के लिए रवाना हुए थे।


सर्जरी के बाद घर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार राजकुमार शर्मा 10 फरवरी से रायपुर के एमएमआई अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी सफल बाइपास सर्जरी हुई थी। छुट्टी मिलने के बाद रविवार शाम वे पत्नी के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही कार पुरानी विधानसभा के पास नरदहा क्षेत्र पहुंची, हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीपीएस स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर के कारण कार की रफ्तार धीमी थी। उसी दौरान पीछे से आ रहा धान लदा ट्रक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। ब्रेकर पर झटका लगने से ट्रक का लॉकिंग हुक टूट गया और वह अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। ट्रक और धान की बोरियां एक साथ कार पर गिर गईं।

आधे घंटे में दंपती ने तोड़ा दम
हादसे में कैब चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर कार में फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने के करीब आधे घंटे के भीतर दोनों ने दम तोड़ दिया।

ट्रक ड्राइवर हिरासत में
डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदेकला कुटकी की ओर जा रहा था। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक के बड़े बेटे पुणे की एक एमएनसी में कार्यरत हैं, जबकि छोटा बेटा मनीष शर्मा रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़ा है। परिवार में शोक की लहर है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग जैसे मुद्दों पर सवाल खड़े करता है।



