राजधानी रायपुर में देर रात फूड डिलीवरी बॉय के साथ लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सडडू बाजार चौक के पास दो युवकों ने स्विगी डिलीवरी कर्मचारी को चाकू दिखाकर डराया और उसका मोबाइल फोन व नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। मामले में विधानसभा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान तोष यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटे टेमरी का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के भैरव नगर, संतोषी नगर इलाके में किराए पर रहकर स्विगी में डिलीवरी का काम करता है।
पीड़ित के मुताबिक, 4 जनवरी की रात करीब 1:30 बजे उसे शंकर नगर स्थित बर्गर किंग से एक पार्सल डिलीवरी का ऑर्डर मिला था। निर्धारित समय पर वह करीब 2 बजे सडडू बाजार चौक स्थित लोकेशन पर पहुंचा, जहां दो युवक उसका इंतजार कर रहे थे।
पार्सल देने के बाद आरोपियों में से एक युवक ने ऑर्डर कैंसल कराने की बात कहते हुए अचानक जेब से बटनदार चाकू निकाल लिया और उसे डराने लगा। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने पीछे से पकड़ लिया। दोनों ने मिलकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और जेब में रखे 500 रुपये भी लूट लिए।
धमकी देकर फरार हुए आरोपी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
लूट के बाद आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना से डरा-सहमा डिलीवरी बॉय किसी तरह परिचितों की मदद से घर पहुंचा और बाद में थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

