रायपुर के सदर बाजार इलाके में स्थित एक सर्राफा दुकान से सोने की चेन चोरी का मामला सामने आया है। ग्राहक बनकर दुकान में आई एक महिला ने बातचीत के दौरान मौका पाकर सोने की चेन चुरा ली। घटना 15 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। चोरी की गई चेन में मोती लगे हुए थे। कुल वजन 13.550 ग्राम बताया गया है, जिसमें 4.320 ग्राम 18 कैरेट सोना शामिल है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान की जा रही है।

ग्राहक बनकर आई, बातचीत में उलझाकर की चोरी
दुकान संचालक प्रिंस जैन ने पुलिस को बताया कि उनकी सदर बाजार में भोरावत एंड संस नाम से सोने-चांदी की दुकान है। 15 जनवरी को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे के बीच एक महिला दुकान में आई और सेल्समैन से सोने की चेन दिखाने को कहा।
चेन देखते समय महिला ने सेल्समैन को बातचीत में उलझाए रखा और इसी दौरान एक चेन चुपचाप उठा ली। महिला के जाने के बाद स्टाफ को शक हुआ, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में महिला चोरी करते हुए स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।
CCTV के आधार पर महिला की तलाश जारी
दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

