रायपुर में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 4 दिन में दूसरी बार महंगाई का झटका

रायपुर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। तेल कंपनियों ने दोनों ईंधनों के दाम में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। इससे पहले 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी।

लगातार दूसरी बार कीमत बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। राजधानी रायपुर में अब पेट्रोल की कीमत लगभग 104.32 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत करीब 97.38 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।

डीजल महंगा होने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो सकते हैं। खेती-किसानी में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर और पंपिंग सेट की लागत बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

इधर रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में खाद्य विभाग की टीम ने अनियमितता और नियमों के उल्लंघन के आरोप में वंदना पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। विभाग को स्टॉक में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

इससे पहले ईंधन की कीमत बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने की अफवाहों के चलते रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई थीं। लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवाने लगे थे, जिससे कई जगहों पर पंपों पर दबाव बढ़ गया था। हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

ईंधन संकट और ब्लैक मार्केटिंग की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। रायपुर कलेक्टर कार्यालय की ओर से शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यदि कहीं अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर शिकायत कर सकते हैं।

भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमत, डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति, रिफाइनिंग खर्च, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार के वैट को जोड़ने के बाद पेट्रोल और डीजल की अंतिम कीमत तय होती है।

विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बाद क्रूड ऑयल की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसी दबाव के चलते तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी की है। आने वाले दिनों में यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी जारी रहती है तो ईंधन की कीमतों में और इजाफा हो सकता है।

Scroll to Top