रायपुर के नवकार हॉस्पिटल में शुक्रवार को एक महिला के इलाज के दौरान ससुराल और मायके पक्ष आमने-सामने आ गए। शिव नगर की यास्मीन परवीन ने गुरुवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान जब डॉक्टरों ने बताया कि महिला की बचने की संभावना कम है, तो ससुराल पक्ष आक्रोशित हो गया और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मायके पक्ष भी पहुंच गया और दोनों के बीच झगड़ा मारपीट में बदल गया।

दोनों थानों—सिटी कोतवाली और टिकरापारा—की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
मायके पक्ष ने दावा किया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि प्लानिंग के तहत हत्या की कोशिश थी। पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।

