राजधानी रायपुर में एक मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, जहां चाकूबाजी की घटना में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पंचशील नगर के पास जोगी मोहल्ला इलाके में हुई।
मृतक की पहचान कुश बाघ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इस दौरान आरोपियों ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में कुश बाघ को गंभीर चोटें आईं और ज्यादा खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका एक साथी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने सिविल लाइन थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

