छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली नवविवाहिता मंजूषा गोस्वामी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति, देवर और सास-ससुर पर शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया।

पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की रात पति-पत्नी के बीच टीवी बंद करने और मोबाइल रखने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पति आशीष गोस्वामी कमरे से बाहर चला गया। थोड़ी देर बाद जब वह लौटा, तो मंजूषा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। उसके हाथ पर कटने के निशान भी पाए गए।
वीडियो में मंजूषा ने क्या कहा:
आत्महत्या से पहले मंजूषा ने करीब 1 मिनट का वीडियो बनाया था। वीडियो में रोते हुए उसने कहा —
“मेरा पति, देवर, सास और ससुर सब मिलकर मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। मैं चार बहनों में बड़ी हूं, पापा ही घर में अकेले कमाने वाले हैं। मैंने 25 जनवरी को शादी की थी, लेकिन इन 10 महीनों में एक दिन भी सुकून से नहीं रही हूं।”
उसने आगे कहा —
“मेरे पति ने मेरे ऊपर दो बार हाथ उठाया है, सास हमेशा अपने बेटे का साथ देती है। मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे पति और ससुराल वाले हैं।”
पुलिस को ससुर ने दी सूचना:
घटना की जानकारी सबसे पहले मृतका के ससुर ने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद मंजूषा ने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
वीडियो हुआ वायरल, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग:
मंजूषा का वीडियो सोशल मीडिया पर 23 अक्टूबर को वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद मृतका के पिता ने डीडी नगर थाने पहुंचकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि मंजूषा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्होंने कई बार समझाने की कोशिश की थी।

फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

