राजधानी रायपुर के महादेव घाट इलाके में एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है और मृतका की पहचान करने की कोशिश जारी है। इसके अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

