राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर मंदिर परिसर में दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

दर्शन के दौरान टूटी चेन
जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार को महादेव घाट मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए गई थीं। उन्होंने गले में सोने की चेन पहन रखी थी। मंदिर परिसर में अधिक भीड़ होने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी चेन तोड़ ली।
घर लौटने के बाद महिला ने घटना की जानकारी अपने बेटे कोणाल देवरनकर को दी। इसके बाद बेटे ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर विवेचना जारी है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को सतर्क रहने की अपील भी की गई है।

