रायपुर के सदर बाजार स्थित मशहूर ज्वैलरी शोरूम मनोहरमल एंड कंपनी ज्वैलर्स में करोड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शोरूम में पिछले 16 वर्षों से काम कर रहे कर्मचारी ने ही की।
जानकारी के अनुसार कारोबारी सुरेश भंसाली ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी कर्मचारी सूरज साहू पर रोजाना डिस्प्ले में रखे सोने के गहनों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी थी।

बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद करते समय आरोपी ने जेवरों को लॉकर में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिया। शुरुआत में किसी को इसकी भनक नहीं लगी, लेकिन 13 अप्रैल को स्टॉक चेकिंग के दौरान करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना गायब पाया गया।
इसके बाद शोरूम में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें शाम करीब 4:21 बजे सूरज साहू गहनों को अपने साथ ले जाते नजर आया। चोरी हुए जेवरों की कीमत बाजार भाव के अनुसार लगभग 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

