रायपुर में महिला समेत दो आरोपी गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 6 किलो से ज्यादा गांजा और एक्टिवा जब्त

रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 3.57 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान माधुरी जैन उर्फ डॉली (37) के रूप में हुई है, जो खमतराई थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है। उदय जैन फिलहाल नारकोटिक एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल में बंद है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम कृष्ण साहू (18) है, जो रायपुर के सन्यासी पारा इलाके का निवासी है।

इस कार्रवाई को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में अंजाम दिया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर आरोपियों को पकड़ा।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 7 मार्च को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक महिला और एक युवक एक्टिवा से आरंग की तरफ से रायपुर की ओर आ रहे हैं और उनके बैग में गांजा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने आरंग-रायपुर रिंग रोड पर एक कार शोरूम के पास नाकेबंदी कर दी।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए से मिलती-जुलती एक्टिवा वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

बैग की तलाशी में मिला गांजा

पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा और एक्टिवा (CG-04-NY-9483) को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला गांजा कहां से लेकर आई थी और इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पूरे सिंडिकेट का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।

Scroll to Top