गंज थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब और चाकू के साथ तीन गिरफ्तार

रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने अवैध चाकू और अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं सार्वजनिक स्थान पर नशा कर उत्पात मचाने वाले तीन युवकों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार चूनाभट्ठी और तेलघानी नाका इलाके में अवैध हथियार और शराब के कारोबार की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद गंज थाना पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया और कार्रवाई करते हुए दो लोगों को अवैध चाकू के साथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज नायडू (28) निवासी नर्मदा पारा और नरोत्तम दास मानिकपुरी (22) निवासी रेलवे स्टेशन के पास गंज के रूप में हुई है। दोनों के पास से अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

इसके अलावा पुलिस ने चूनाभट्ठी क्षेत्र में दबिश देकर कमलेश मुदलियार (27) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से व्यावसायिक मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

वहीं चूनाभट्ठी इलाके में नशा कर हंगामा कर रहे तीन युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनकी पहचान भावेश सेन, विशाल पंडा और अश्वनी बघेल के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Scroll to Top