रायपुर में हीट वेव से निपटने की तैयारी, जिला अस्पताल में बनाया गया विशेष हीट स्ट्रोक रूम

शहर में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिला चिकित्सालय पंडरी में विशेष “हीट स्ट्रोक रूम” स्थापित किया गया है, ताकि लू से प्रभावित गंभीर मरीजों को तत्काल और प्रभावी उपचार मिल सके।

अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की है। मरीजों के शरीर का तापमान तेजी से नियंत्रित करने के लिए दो विशेष बाथटब लगाए गए हैं, जिनमें ठंडे पानी और बर्फ की मदद से इमर्शन कूलिंग की जाएगी। बर्फ की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आइस मेकिंग मशीन भी स्थापित की गई है। साथ ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को हीट स्ट्रोक के इलाज से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


स्वास्थ्य विभाग की अपील: क्या करें?

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें
  • हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें
  • तेज धूप में बाहर निकलने से बचें
  • दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच अनावश्यक बाहर न जाएं
  • बंद वाहन में बच्चों या जानवरों को न छोड़ें
  • गर्म जमीन पर नंगे पैर चलने से बचें

हीट स्ट्रोक के लक्षण क्या हैं?

चिकित्सकों के अनुसार यदि किसी व्यक्ति की त्वचा लाल और सूखी हो जाए, शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो, उल्टी, चक्कर, सांस लेने में तकलीफ, तेज धड़कन या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए।

आपातकालीन सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0771-3519250 पर संपर्क किया जा सकता है।

Scroll to Top