रायपुर। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने ही सगे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई किसी मामले में पेशी के लिए जिला न्यायालय पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और एक भाई ने दूसरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

