रायपुर में दो गुटों के बीच झड़प: बाइक टक्कर के बाद हिंसा, आधा दर्जन घायल, इलाके में तनाव

राजधानी रायपुर के मोमिनपारा और बढ़ईपारा इलाके में शनिवार को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मामूली सड़क हादसे से हुई, जब बढ़ईपारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक मोमिनपारा के युवकों से टकरा गई। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही बड़े झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए।

बताया जा रहा है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीन युवकों के सिर में गंभीर चोट आई। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस अब इस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है।

गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब इन इलाकों में इस तरह का विवाद हुआ है। इससे पहले मौदहापारा में चाकूबाजी की घटना के बाद भी तनाव की स्थिति बनी थी। फिलहाल इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Scroll to Top