रायपुर में चिट्टा तस्करी का खुलासा: 3 लाख का माल, थार और मोबाइल जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लाखों रुपए का मादक पदार्थ, एक थार वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो और आरोपियों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रतीक सिंह, खालिद और दीपक कोसरिया बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है और जल्द ही आगे की गिरफ्तारी की जाएगी।


सूचना के आधार पर घेराबंदी
राजेंद्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक थार गाड़ी में कुछ युवक शहर में चिट्टा बेचने की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 18.38 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही एक थार (CG 04 VU 9904) और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

मोबाइल से खंगाला जा रहा नेटवर्क
जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच कर पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से शहर में सक्रिय था और खासकर युवाओं को निशाना बनाकर नशे का कारोबार कर रहा था।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में ड्रग्स के कारोबार पर रोक लगाई जा सके।

Scroll to Top