रायपुर। राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट क्षेत्र स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बंद पड़े कार्यालय से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग बैंक के जोनल कार्यालय में लगी, जहां कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालयी सामग्री रखी हुई थी। ऐसे में दस्तावेजों और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना है।
घटना के समय कार्यालय बंद होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया था।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान के आकलन की जांच की जा रही है।