12 अप्रैल को रायपुर में CDS और NDA परीक्षा, 8 सेंटर तैयार

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित CDS और NDA परीक्षा 12 अप्रैल 2026 को रायपुर जिले के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।

CDS परीक्षा तीन अलग-अलग पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरी पाली शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए शहर में तीन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाल आश्रम परिसर कचहरी चौक, पीजी उमाठे शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला शांति नगर और पीजी डागा गर्ल्स कॉलेज शामिल हैं।

वहीं NDA परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4:30 बजे तक होगी। इसके लिए जिले में पांच परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला गुरुकुल परिसर, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय लालपुर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुढियारी और श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी शामिल हैं।

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर उपेंद्र किण्डो को सहायक समन्वयक पर्यवेक्षक और विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Scroll to Top