रायपुर। राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रवीन मसीह (20) के रूप में हुई है, जो रायपुर का ही रहने वाला था।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ जब प्रवीन स्कूटी से घर की ओर लौट रहा था। तभी तेलीबांधा दिशा से आ रही बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रवीन सड़क पर गिर गया और उसका सिर फट गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।



